बकरीद से पहले बढ़नी में पुलिस का फ्लैग मार्च: सुरक्षा सख्त, अतिक्रमण पर कड़ी चेतावनी

गुरु जी की कलम से

बढ़नी, सिद्धार्थनगर।
बकरीद (ईद-उल-अज़हा) पर्व को लेकर बढ़नी उपनगर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस ने पैदल मार्च निकालकर अपनी तैयारियों का प्रदर्शन किया। ढेबरुआ थानाध्यक्ष गौरव सिंह, बढ़नी चौकी इंचार्ज अनिरुद्ध सिंह और उप निरीक्षक राजाराम यादव के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने नगर के मुख्य मार्गों पर गश्त की।

यह पैदल मार्च स्टेशन रोड, गोलबाग से होते हुए बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों तक पहुंचा, जिससे आमजन को सुरक्षा का भरोसा मिले और असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश जाए।

व्यापारियों को दी गई स्पष्ट हिदायत
गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों से सीधा संवाद किया और सड़क पर अतिक्रमण न करने की कड़ी हिदायत दी। उन्होंने कहा कि सड़क पर दुकानों के फैलाव से यातायात बाधित होता है, जिससे जाम की स्थिति बनती है और त्योहारों के समय यह स्थिति और गंभीर हो सकती है।

त्योहारी सीजन में पुलिस अलर्ट मोड में
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना सर्वोपरि है। इस तरह की सतर्कता से ना केवल आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत होती है, बल्कि असामाजिक तत्वों पर भी लगाम लगाई जा सकती है।

स्थानीय लोगों ने जताई सराहना
पैदल गश्त के दौरान स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना की और त्योहार के दौरान शांति बनाए रखने में सहयोग का आश्वासन दिया।