📅 Published on: June 21, 2025
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर |
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को एसडीएम शशांक शेखर राय के नेतृत्व में बेलौहा बाजार स्थित इकराम हुसैन मेमोरियल हॉस्पिटल पर छापेमारी कर गंभीर अनियमितताओं का खुलासा किया। जांच के दौरान हॉस्पिटल की एक्स-रे यूनिट में गंभीर खामियां पाई गईं, जिसके चलते उसे तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुजीत कुमार पांडेय ने बताया कि अस्पताल में एक्स-रे मशीन तो पंजीकृत टेक्नीशियन के नाम पर दर्ज थी, लेकिन मौके पर वह मौजूद नहीं था। इससे आशंका है कि किसी अनधिकृत व्यक्ति द्वारा एक्स-रे किया जा रहा था, जो न केवल नियमों का उल्लंघन है बल्कि मरीजों की सुरक्षा के लिए भी खतरा है।
इसके अलावा रेडिएशन सुरक्षा के मानकों को लेकर भी अस्पताल संचालक के पास कोई प्रमाण या इंतजाम नहीं मिला। ऐसे में एक्स-रे यूनिट को सील कर संचालक को नोटिस थमाया गया है। चेतावनी दी गई है कि समय से संतोषजनक जवाब न मिलने की स्थिति में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई से स्वास्थ्य विभाग ने साफ संदेश दिया है कि मरीजों की सुरक्षा और इलाज की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।