सिद्धार्थनगर: बाँसी के समोगरा गाँव में युवक का शव पंखे से लटकता मिला, गाँव में सनसनी

महेंद्र कुमार गौतम

बाँसी, सिद्धार्थनगर। बाँसी थाना क्षेत्र के समोगरा गाँव में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात एक युवक का शव पंखे से लटकता मिलने से पूरे गाँव में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गाँव के निवासी दीनानाथ पुत्र रामकला (उम्र लगभग 25 वर्ष) के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार दीनानाथ रोज़ाना की तरह रात में खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया। कुछ देर बाद अचानक कमरे से संदिग्ध आवाज़ें आने पर परिवार के लोग मौके पर पहुँचे तो देखा कि दीनानाथ का शव पंखे से लटक रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुँची बाँसी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन परिजनों व ग्रामीणों के बयानों के आधार पर सभी पहलुओं की बारीकी से जाँच की जा रही है। हत्या या आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने बिंदुवार जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल पूरे गाँव में इस घटना के बाद शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।