​धान के खेत में मिला शव, गरदहिया के रामदास की संदिग्ध मौत से सनसनी

Kapilvastupost

भवानीगंज, भवानीगंज थाना क्षेत्र के लालाजोत गांव में एक व्यक्ति का शव धान के खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। शव की पहचान गरदहिया गांव निवासी रामदास के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

​यह घटना बुधवार सुबह उस समय सामने आई जब लालाजोत गांव के कुछ ग्रामीण शौच के लिए खेत की ओर गए थे। उन्होंने सड़क के किनारे स्थित शराब की दुकान से कुछ ही दूरी पर एक व्यक्ति को मुंह के बल धान के खेत में गिरा हुआ देखा। यह खबर आग की तरह पूरे गांव में फैल गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

​मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को खेत से बाहर निकाला और उसकी शिनाख्त गरदहिया गांव निवासी रामदास पुत्र झूलन के रूप में की। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में मातम छा गया है।

​भवानीगंज थाना प्रभारी ने बताया कि पहली नजर में ऐसा लग रहा है कि मृतक नशे की हालत में खेत के पानी में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

काल्पनिक फोटो