डॉक्टर पर महिला से अभद्र व्यवहार और मारपीट का आरोप, केस दर्ज
📅 Published on: September 14, 2025
Kapilvastupost
इटवा कस्बे के बिस्कोहर रोड पर स्थित एक निजी अस्पताल के डॉक्टर पर एक महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने पुलिस को दी गई तहरीर में डॉक्टर पर इलाज के बहाने अश्लील हरकत, मारपीट और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर डॉक्टर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, डुमरियागंज थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला शुक्रवार दोपहर लगभग 12:30 बजे सीने में दर्द की शिकायत लेकर डॉ. मोहम्मद आरिफ के अस्पताल पहुंची थी। महिला का आरोप है कि डॉक्टर ने उसे अपने केबिन में बुलाया और सीने की जांच के बहाने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो डॉक्टर ने उसे गालियां दीं और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित किया।
इसी दौरान महिला का पति भी वहां पहुंच गया। महिला ने आरोप लगाया कि जब उसके पति ने पुलिस को 112 नंबर पर सूचना देने की कोशिश की, तो डॉक्टर ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता ने यह भी कहा कि डॉक्टर ने कुछ बाहरी लोगों को भी बुला लिया, जिन्होंने पति-पत्नी दोनों के साथ मारपीट की।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। इटवा के थानाध्यक्ष श्यामसुंदर तिवारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर डॉ. मोहम्मद आरिफ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74, 115(2), 352, 351(3) के साथ-साथ एससी-एसटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कहा है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और उचित कार्रवाई की जाएगी।
प्रतीकात्मक फोटो


