📅 Published on: September 20, 2025
Kapilvastupost
आजमगढ़। आजमगढ़ के शिब्ली इंटर कॉलेज में आयोजित 69वीं राज्य स्तरीय अंडर-19 बालिका वॉलीबाल प्रतियोगिता में बस्ती मंडल की टीम ने इतिहास रच दिया है। फाइनल मुकाबले में बस्ती की टीम ने वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज, गोरखपुर को कड़ी टक्कर दी और रोमांचक मैच में 21-17, 16-21, 15-21 के स्कोर से हारकर पहली बार उपविजेता का खिताब अपने नाम किया।
गांधी आदर्श इंटर कॉलेज का दमदार प्रदर्शन इस उपलब्धि में गांधी आदर्श इंटर कॉलेज, बढ़नी की छात्राओं का अहम योगदान रहा। टीम में शामिल सोनी पासवान, अंशिका सोनी, गायत्री और सुमन गौण का प्रदर्शन बेहद सराहनीय रहा। इनके शानदार खेल की बदौलत टीम फाइनल तक का सफर तय कर पाई।
कोच और मैनेजर को मिला श्रेय
टीम की इस सफलता का श्रेय टीम के प्रशिक्षक शंभू नाथ गुप्ता को जाता है, जिनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम मैनेजर के रूप में श्रीमती वंदना वर्मा और अजय यादव ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
खेल जगत में खुशी की लहर
इस ऐतिहासिक जीत पर खेल जगत में खुशी की लहर है।
उत्तर प्रदेश वॉलीबाल संघ के कोषाध्यक्ष मोहम्मद इब्राहिम, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष संतोष श्रीवास्तव, और जिला वॉलीबाल संघ के देवेंद्र पांडेय सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने टीम को बधाई दी।
इसके अलावा, जागृति सपोर्टिंग क्लब, बढ़नी के अकील अहमद मुन्नू, और गांधी आदर्श इंटर कॉलेज, बढ़नी के प्रबंधक कुणाल प्रताप शाह और प्रधानाचार्य विजय वर्मा ने भी टीम को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।