📅 Published on: September 23, 2025
सरताज आलम
सिद्धार्थनगर जिले के शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। रविवार की रात चोरों ने मस्जिदिया गांव के पिपरी टोला में एक घर को अपना निशाना बनाया। चोरों ने घर से 1200 रुपये नकद और लाखों के गहने चुरा लिए। हैरान करने वाली बात यह है कि चोरी के वक्त परिवार के सदस्य घर के आगे के हिस्से में मौजूद थे।
मस्जिदिया गांव के पिपरी टोला निवासी प्रहलाद के घर रविवार की रात चोर पीछे के रास्ते से अंदर घुस आए। घर के कमरे में कुछ हलचल होने पर प्रहलाद की बहू सुमन कमरे की तरफ गईं। कमरे के अंदर चोर को देखकर सुमन ने शोर मचाने की कोशिश की, लेकिन एक चोर ने उनका गला दबा दिया। जैसे-तैसे उन्होंने खुद को छुड़ाया और चोर को धक्का दिया। इसी दौरान, चोर घर में रखे बक्से से सोने का मंगलसूत्र, मक्खी और 1200 रुपये नकद लेकर भाग गए।
इस घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों को पकड़ने की अपील की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।