📅 Published on: September 26, 2025
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। ज़िले के उसका बाज़ार थाना क्षेत्र में 18 सितंबर को हुई लगभग 10 लाख रुपये की बड़ी चोरी का खुलासा न होने पर पीड़ित व्यक्ति ने पुलिस अधीक्षक (SP) से लिखित शिकायत कर न्याय और त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
परसाशुकरूल्लाह निवासी पीड़ित ने अपनी शिकायत में सीधे तौर पर उसका बाज़ार थाना की कार्यशैली पर असंतोष व्यक्त किया है और कहा है कि उसकी बाज़ार थाना से अब आस टूट चुकी है।
क्या है पूरा मामला?
18 सितंबर को थाना क्षेत्र उसका बाज़ार के परसाशुकरूल्लाह में एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई थी, जिसमें चोरों ने लगभग 10 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया था।
पुलिस ने चोरी का मुकदमा तो दर्ज कर लिया था, लेकिन घटना के इतने दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं और वह चोरी का खुलासा नहीं कर पाई है।
SP से लगाई न्याय की गुहार
चोरी का खुलासा न होने से आहत पीड़ित व्यक्ति ने अब ज़िले के पुलिस अधीक्षक का दरवाज़ा खटखटाया है।
पीड़ित ने लिखित तहरीर में स्पष्ट किया है कि वह उसका बाज़ार पुलिस की जांच से संतुष्ट नहीं है और उसने किसी अन्य विवेचक को मामला सौंपकर जल्द से जल्द कार्यवाही करने की मांग की है।
उसका बाज़ार पुलिस के लिए बनी चुनौती
यह केवल एक ही मामला नहीं है, बल्कि उसका बाज़ार पुलिस के लिए हालिया दिनों में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा न हो पाना बड़ी चुनौती बन गया है। इस क्षेत्र में कुछ अन्य चोरी की घटनाएं भी सामने आई थीं, जिनका खुलासा भी अभी तक नहीं हो पाया है, जिससे स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर निराशा और रोष है। अब देखना होगा कि SP के हस्तक्षेप के बाद इस मामले में क्या कार्रवाई होती है।