गौरा बाजार में सनसनीखेज चोरी: घर में घुस 5 लाख के गहने उड़ाए, बहू से मारपीट कर कान के टाप्स भी छीने

नियमतुल्लाह खान

​इटवा क्षेत्र के गौरा बाजार में गुरुवार देर रात करीब दो बजे चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण चुरा लिए। वारदात के दौरान विरोध करने पर चोरों ने घर की बहू से मारपीट भी की और उसके कान से टाप्स भी छीन लिए। चोरी गए सोने-चांदी के गहनों की कीमत लगभग पांच लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चोरों ने ऐसे दिया वारदात को अंजाम

​गौरा बाजार निवासी करम हुसैन का परिवार गुरुवार रात घर के बरामदे में सो रहा था। घर के बाहर फाटक नहीं लगा था, जिसका फायदा उठाकर चोर मुख्य दरवाजे से घर में घुस गए। बताया जाता है कि कमरे का दरवाजा भी खुला हुआ था। अंदर घुसकर चोरों ने बैग से अलमारी की चाबी निकाली और अलमारी खोलकर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। चोर हार, झाला, पायल, पावजेब, खील और अंगूठियां चुरा ले गए। जाते समय चोरों ने कमरे में रखे कपड़े और साड़ियों को भी बिखेर दिया।

विरोध करने पर बहू को पीटा

​इसी बीच शौच के लिए उठी करम हुसैन की बहू ने कमरे से निकलते हुए चोरों को देख लिया। अंधेरा होने के कारण वह उन्हें पहचान नहीं पाई। जब उसने उन्हें पकड़ने की कोशिश की तो चोरों ने उसे थप्पड़ मारकर बेहोश कर दिया और उसके कान के टाप्स भी निकाल लिए। कुछ देर बाद होश आने पर बहू ने शोर मचाया, जिसके बाद परिवार और पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे। हालांकि, तब तक चोर फरार हो चुके थे।

पुलिस जांच में जुटी

​घटना की जानकारी मिलते ही करम हुसैन ने 112 नंबर पर कॉल किया। थोड़ी देर में पीआरवी टीम और इटवा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन की और पीड़ित से तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष इटवा श्याम सुंदर तिवारी ने बताया कि पुलिस टीम मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।