📅 Published on: December 12, 2025
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर जिले में बढ़ती कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिला कारागार सिद्धार्थनगर के अधीक्षक सचिन वर्मा ने जरूरतमंदों की मदद के लिए विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के तहत उन्होंने अपनी व्यक्तिगत पहल पर 450 कंबलों का वितरण कर गरीब, असहाय और बेसहारा लोगों को ठंड से राहत पहुंचाई।
शहर के विभिन्न इलाकों में पहुंची मदद
लगातार गिरते तापमान के बीच सड़क किनारे रहने वाले लोग, रेलवे स्टेशन पर रात गुजारने वाले यात्री, मंदिरों में आश्रय लेने वाले निर्धन व्यक्ति और झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले परिवार मुख्य रूप से इस पहल के लाभार्थी रहे। अधीक्षक वर्मा ने स्वयं शहर के अलग-अलग क्षेत्रों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया कि कोई जरूरतमंद कंबल से वंचित न रहे।
गौशाला, स्टेशन और मंदिर परिसर में वितरण
अभियान की शुरुआत शहर की गौशाला से की गई, जहां ठंड से जूझ रहे पशुपालक व जरूरतमंद लोगों को कंबल दिए गए। इसके बाद सिद्धार्थनगर रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म और किनारों पर बैठे लोगों को कंबल वितरित कर सुरक्षित स्थान पर रात बिताने की सलाह दी गई। शहर के प्रमुख मंदिर प्रांगणों में रात्रि विश्राम करने वाले गरीब और असहाय लोगों के बीच भी कंबल बांटे गए।
झुग्गी-झोपड़ी बस्तियों तक पहुंची राहत
शहर के विभिन्न चौराहों, विशेष रूप से साड़ी चौराहा और नौगढ़ क्षेत्र की झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले परिवारों को भी इस अभियान के तहत कंबल उपलब्ध कराए गए। वितरण के दौरान अधीक्षक वर्मा ने लोगों को ठंड से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया और सुरक्षित रहने की अपील की।
समाज से सहयोग की अपील
कंबल वितरण के दौरान अधीक्षक सचिन वर्मा ने कहा कि ठंड का मौसम गरीब और बेसहारा लोगों के लिए बेहद कठिन हालात पैदा करता है और ऐसे समय में सक्षम लोगों को आगे आकर सहायता करनी चाहिए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास के जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे बढ़ें, क्योंकि एक कंबल किसी के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है। इस मानवीय अभियान में मंसूर अहमद, धीरज राय, नौमी लाल, अभिषेक पाण्डेय, अनूप वर्मा, परमेंद्र सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।