📅 Published on: December 28, 2025
घटना के बाद पुजारी का परिवार रोते बिलखते देखे गए आग से टिल्लू शर्मा का परिवार बुरी तरह से टूट गया है उन्हें तत्काल आर्थिक सहायता की जरूरत है।
Nizam Ansari
शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर)। कस्बे के गांधी नगर मोहल्ले में स्थित प्रसिद्ध श्रीराधा कृष्ण कारण माता मंदिर परिसर शनिवार सुबह भीषण हादसे का गवाह बना। मंदिर के पुजारी के आवास में शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इस घटना में पुजारी परिवार का जीवनभर की कमाई—जेवर, नकदी और घरेलू सामान—सब कुछ जलकर राख हो गया।
पूजा के बाद शुरू हुआ तांडव
घटना शनिवार सुबह की है। मंदिर के पुजारी पुरुषोत्तम टिल्लू शर्मा सुबह की पूजा-अर्चना संपन्न करने के बाद मंदिर परिसर में ही आग ताप रहे थे। इसी बीच उनकी नजर कमरे से निकलते धुएं पर पड़ी। जब तक वह कमरे की ओर दौड़े, आग की लपटें बेकाबू हो चुकी थीं। पुजारी के शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो गए। स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए मोटरपंप और पानी की बौछारों से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
6 लाख से अधिक का नुकसान
कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन तब तक कमरे में रखा सारा सामान नष्ट हो चुका था। पीड़ित पुजारी टिल्लू शर्मा के अनुसार:
नुकसान का आकलन: लगभग 6 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति।
नष्ट सामान: अलमारी में रखे जेवर, नकदी, कीमती कपड़े, एसी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण।
मंदिर के पुजारी ने बताया कि आग इतनी भयानक थी कि बच्चों के पहनने के कपड़े तक नहीं बच सके। गनीमत रही कि घटना के वक्त परिवार के सदस्य कमरे के बाहर थे, जिससे जनहानि टल गई।
मौके पर पहुंचे जनप्रतिनिधि और प्रशासन
अग्निकांड की सूचना मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष उमा अग्रवाल, रवि अग्रवाल, सभासद अशरफ अंसारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया।
प्रशासनिक स्तर पर भी तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी गई है। नायब तहसीलदार महबूब अंसारी, लेखपाल अनिरुद्ध चौधरी, बृजेश और मोहम्मद असलम ने घटनास्थल का मुआयना किया।
राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया है। क्षति की विस्तृत रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेजी जा रही है। शासन की ओर से पीड़ित परिवार को हर संभव आर्थिक सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।महबूब अंसारी, नायब तहसीलदार