सिद्धार्थनगर: सुर्यकुड़िया में ‘अपना दल (सोनेलाल)’ की जन चौपाल संपन्न, विकास के मुद्दों पर हुई चर्चा

निज़ाम अंसारी 

शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर। विधानसभा क्षेत्र 302-शोहरतगढ़ के अंतर्गत ग्राम सुर्यकुड़िया में अपना दल (सोनेलाल) द्वारा एक महत्वपूर्ण जन चौपाल का आयोजन किया गया। इस चौपाल के माध्यम से पार्टी के पदाधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

सुशासन की नींव: जनता के बीच अपना दल (एस)

अपना दल (सोनेलाल) के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित इस चौपाल में ग्रामवासियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। कार्यक्रम के दौरान अपना दल की तरफ से यह संदेश दिया गया कि जनता की सक्रिय भागीदारी और उनकी समस्याओं का समाधान ही सुशासन की असली नींव है।

चौपाल में गांव के प्रबुद्ध नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए समस्याओं और विकास के सुझाव साझा किए। इनमें मुख्य रूप से रामशब्द चौधरी, शिवकुमार चौधरी, ओमप्रकाश ,हजरत अली, बाबाजी पलटा देवी ,मनोज कुमार, बलराम, रामवृहद प्रजापति ,अखिलेश चौधरी, रमेश चौधरी एवं विरेंद्र कुमार आदि शामिल रहे |

जनता की सेवा ही प्राथमिकता: अनिल चौधरी

अपना दल (सोनेलाल) के प्रदेश सचिव (शिक्षक मंच) अनिल चौधरी ने चौपाल की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की आवाज बनना है। उन्होंने कहा कि शोहरतगढ़ विधानसभा के प्रत्येक गांव की समस्याओं को शासन तक पहुँचाना और उनका निस्तारण करना हमारी प्राथमिकता है।

इस सफल आयोजन की जिम्मेदारी आयोजक करन चौधरी एवं उनके सहयोगी अमित चौधरी ने निभाई। उनके विशेष प्रयासों से बड़ी संख्या में ग्रामीण चौपाल का हिस्सा बने और अपनी बात बेबाकी से रखी।