📅 Published on: January 16, 2026
Kapilvastupost
बांसी (सिद्धार्थनगर): बांसी कोतवाली क्षेत्र के रोडवेज बस स्टेशन के समीप गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बस्ती की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर पीछे बैठी एक 65 वर्षीय वृद्ध महिला की सड़क पर गिरने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मायके जा रही थी वृद्धा
मिली जानकारी के अनुसार, पथरा बाजार थाना क्षेत्र के सिसई कला गांव की निवासी सोनमती (65), पत्नी स्वर्गीय रामदास, गुरुवार सुबह अपने बड़े बेटे राम मूरत के साथ बाइक पर सवार होकर अपने मायके ‘नेहरू नगर नरकटहा’ जा रही थीं। जैसे ही उनकी बाइक बांसी रोडवेज चौराहे के पास पहुंची, सामने से आ रहे बेकाबू ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सोनमती बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की सूचना पर तत्काल बांसी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया और घायल महिला को आनन-फानन में बांसी स्थित 50 बेड अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, वहां मौजूद डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय पाठक ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रक को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।