सिद्धार्थनगर: ब्लैकमेलिंग से तंग आकर 17 साल की बेटी ने दी जान, सुसाइड से पहले वीडियो में बताया बॉयफ्रेंड का काला सच

Kapilvastupost
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की ने जहर खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। लड़की का आरोप था कि उसका बॉयफ्रेंड, जो बिजली विभाग में लाइनमैन है, उसे पिछले 2 महीने से अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर रहा था।
‘मर जाऊंगी, तभी मेरा पीछा छोड़ेगा’
लड़की ने जहर खाने से पहले 31 सेकंड का एक वीडियो रिकॉर्ड किया। कांपती आवाज में उसने बताया कि उसका बॉयफ्रेंड जोगिंदर उसे धमकी दे रहा था कि अगर उसने कहीं और शादी की तो वह उसके अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा और रिश्तेदारों को भेज देगा। वीडियो में उसने भावुक होते हुए कहा, “लगता है मर जाऊंगी, तभी मेरा पीछा छोड़ेगा।”
इलाज के दौरान तोड़ा दम
परिजनों के अनुसार, लड़की ने 17 जनवरी की शाम करीब 4 बजे सल्फॉस खा लिया था। हालत बिगड़ने पर उसे पहले स्थानीय अस्पतालों में ले जाया गया, जहाँ से उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर किया गया। दो दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई।
2 साल का अफेयर और ब्लैकमेलिंग का खेल
घटना की जड़ें 2 साल पुराने प्रेम प्रसंग से जुड़ी हैं। आरोपी जोगिंदर, जो बिजली विभाग में लाइनमैन है, उसने कथित तौर पर लड़की के कुछ आपत्तिजनक वीडियो बना लिए थे। जब 2 महीने पहले परिवार को इस रिश्ते का पता चला और उन्होंने लड़की का फोन बंद करवाकर नंबर ब्लॉक किया, तो आरोपी अलग-अलग नंबरों से फोन कर पूरे परिवार को बदनाम करने की धमकियां देने लगा।

पुलिस पर लापरवाही का आरोप
मृतक के परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि 18 जनवरी को ही लड़की की भाभी ने डुमरियागंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। परिजनों का दावा है कि अगर समय रहते कार्रवाई होती, तो उनकी बेटी आज जिंदा होती।

पुलिस की कार्रवाई
मामला गरमाने के बाद डुमरियागंज थाना प्रभारी श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वायरल वीडियो और चैट के स्क्रीनशॉट्स को साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया है। पुलिस की टीमें आरोपी जोगिंदर की तलाश में दबिश दे रही हैं और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।