बसपा का ‘हर बूथ, पांच यूथ’ अभियान: बांसी में सत्येंद्र कुमार ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र

Kapilvastupost
बांसी (सिद्धार्थनगर):
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के निर्देशानुसार पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए ‘हर बूथ, पांच यूथ’ सदस्यता अभियान तेज कर दिया गया है। बांसी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कडजा बनकटा में आयोजित एक चौपाल के दौरान बसपा नेता और विधानसभा प्रभारी सत्येंद्र कुमार गौतम ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा।
सत्येंद्र कुमार ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य हर बूथ पर पांच कर्मठ युवाओं को तैनात करना है, जो दिन-रात मेहनत कर सर्वसमाज को बसपा की नीतियों से जोड़ रहे हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा, “सर्व समाज का वास्तविक सम्मान और विकास केवल बसपा की सरकार में ही संभव है।”
सरकार पर बोला हमला
चौपाल को संबोधित करते हुए पूर्व जिला महासचिव शमीम अहमद ने भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महंगाई चरम पर है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। अहमद के अनुसार, “आज हत्या, लूट और डकैती जैसी घटनाएं आम हो गई हैं। जनता इस ‘जंगलराज’ से छुटकारा पाने के लिए सही समय का इंतजार कर रही है, और आने वाले चुनाव में बसपा की सरकार बनना तय है।”
बूथ मजबूत’ करने की अपील
कार्यकर्ताओं से ‘अपना बूथ, सबसे मजबूत’ करने का आह्वान करते हुए नेताओं ने कहा कि समतामूलक समाज की स्थापना के लिए बसपा को सत्ता में लाना जरूरी है।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष अशोक कुमार, प्रभारी दिलीप कुमार भारती, लालमन राव, कृष्णा भारती, धर्मदेव बौद्ध, राम किशुन, साधु शरण, विनोद कुमार राव, अखिलेश गौतम, जयराम, घनश्याम, गोरख पासवान, वीर चंद्र, राजमन, रामजीत, बसंत प्रसाद, यार मोहम्मद और श्यामजीत गौतम सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।