📅 Published on: February 17, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर/ढेबरुआ: शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के जुगडीहवा मोड के पास सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक अनियंत्रित सफेद रंग की स्कॉर्पियो ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना का विवरण
जानकारी के अनुसार, सुरेश कुमार (पुत्र मुन्ना लाल), निवासी ग्राम औदही कला, नौगढ़ से सोमवार शाम करीब सात बजे अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह जुगडीहवा मोड के पास पहुंचे, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार सफेद रंग की स्कॉर्पियो (UP 12 X 5677) ने बिना इंडिकेटर दिए अचानक गाड़ी मोड़ दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुरेश कुमार सड़क पर दूर जा गिरे, जबकि चालक गाड़ी समेत जुगदिहवां गांव की तरफ फरार हो गया।
चोट और तत्काल सहायता
हादसे में सुरेश के हाथ, पैर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। चश्मदीदों के अनुसार, घायल के मुंह से काफी खून बह रहा था। घटना की सूचना मिलते ही ढेबरुआ थाने की पीआरवी वैन के जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल को प्राथमिक उपचार के लिए भिजवाया और उन्हें घर तक पहुँचाया।
प्रशासनिक संवेदनशीलता पर सवाल
हैरानी की बात यह रही कि घटनास्थल शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता था, लेकिन मदद के लिए ढेबरुआ पुलिस सबसे पहले पहुंची। वहीं, ग्रामीणों में इस बात को लेकर काफी आक्रोश है कि घटनास्थल से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित टोल प्लाजा को फोन करने के बावजूद वहां से कोई मदद या एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुंची।