सिद्धार्थ नगर – प्रेमी के जेल जाने से क्षुब्ध युवती ने दी जान: शिवनगर डिड़ई क्षेत्र की घटना

Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर: जनपद के शिवनगर डिड़ई थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेम प्रसंग के चलते एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। अपने प्रेमी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज होने और उसके जेल जाने से आहत एक 18 वर्षीय युवती ने सोमवार को फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रेम प्रसंग और कानूनी कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, युवती का गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। जब इसकी भनक परिजनों को लगी, तो उन्होंने इसका कड़ा विरोध किया। बीते 12 फरवरी को युवती के परिजनों ने युवक के खिलाफ छेड़खानी का मामला दर्ज कराया था, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
मेले से लौटने के बाद उठाया आत्मघाती कदम
परिजनों के अनुसार, रविवार को युवती परिवार के साथ महाशिवरात्रि का मेला देखने गई थी। शाम को घर लौटने के बाद वह गुमसुम थी और अपने कमरे में चली गई। रात में उसने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। सोमवार सुबह जब काफी देर तक युवती बाहर नहीं निकली, तो परिजनों ने उसे आवाज दी। कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
पुलिस की जांच और निरीक्षण
सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तुड़वाया, तो अंदर का दृश्य देख सबके होश उड़ गए। युवती का शव पंखे से दुपट्टे के फंदे के सहारे लटक रहा था। घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ बांसी रोहिणी यादव ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने साक्ष्य एकत्र करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।