📅 Published on: February 17, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार आगामी 22 फरवरी 2026 को जनपद सिद्धार्थनगर में एक विशाल (मेगा) विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के निर्बल वर्ग, दिव्यांग बच्चों, महिलाओं, श्रमिकों और अनुसूचित जनजाति के लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं से सीधे जोड़ना और उन्हें विधिक सहायता प्रदान करना है।
न्यायाधीश के निर्देशन में हुई महत्वपूर्ण बैठक
माननीय जनपद एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्री अजय कुमार श्रीवास्तव-तृतीय के मार्गदर्शन में सोमवार को सचिव अरुण कुमार-चतुर्थ ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। बैठक में शिविर की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया और विभिन्न विभागों के अधिकारियों को लाभार्थियों की पहचान करने के निर्देश दिए गए।
इन विभागों की रहेगी सहभागिता
शिविर में कौशल विकास, मत्स्य पालन, पशुपालन, राजस्व और श्रम विभाग सहित कई अन्य विभाग अपनी स्टॉल लगाएंगे। बैठक में खान निरीक्षक मुकेश कुमार मिश्रा, उपमुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. ऋषिकेश दर्शन, सहायक निदेशक मत्स्य नंदकिशोर और तहसीलदार पीयूष कुमार श्रीवास्तव (बांसी) व रवि कुमार (डुमरियागंज) सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
लाभार्थियों का हो रहा है चयन
सचिव अरुण कुमार-चतुर्थ ने बताया कि सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र से नवीन लाभार्थियों को चिन्हित करें, ताकि 22 फरवरी को आयोजित होने वाले इस मेगा शिविर में उन्हें शासन की योजनाओं का सीधा लाभ दिलाया जा सके। उपस्थित अधिकारियों ने इस आयोजन को सफल बनाने का पूर्ण आश्वासन दिया है।