📅 Published on: March 1, 2026
kapilvastupost
सिद्धार्थनगर (मिश्रौलिया):
गोल्हौरा थाना क्षेत्र के कोटखास गांव के जोगीकुंड में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 26 वर्षीय नवविवाहिता, चंद्रकला यादव का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर पंखे से लटकता हुआ मिला। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मामले का विवरण:
मृतका के पिता, बजरंगी यादव (निवासी सौरहवा ग्रांट), ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की हत्या गला दबाकर की गई है और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को पंखे से लटका दिया गया। चंद्रकला की शादी वर्ष 2020 में अजय यादव के साथ हुई थी। परिजनों का आरोप है कि कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त धन की मांग को लेकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे थे।
मासूम का रो-रोकर बुरा हाल:
इस घटना का सबसे हृदयविदारक पहलू यह है कि चंद्रकला ने मात्र दो महीने पहले ही एक पुत्र को जन्म दिया था। पड़ोसियों के अनुसार, वह अपने बच्चे से बेहद लगाव रखती थी। जिस घर में दो माह पहले किलकारियां गूंजी थी, आज वहां मातम पसरा है।
पुलिसिया कार्रवाई:
थानाध्यक्ष गोल्हौरा, रामदेव के अनुसार, मृतका के पिता की तहरीर पर पति अजय, ससुर रामपाल, सास कुसुम और ननद निशा के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।