📅 Published on: March 1, 2026
kapilvastupost
सिद्धार्थनगर (खेसरहा): खेसरहा थाना क्षेत्र के महुई नानकार गांव के टोला शेखडीह में गुरुवार देर शाम एक 19 वर्षीय युवती का शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। घटना के समय मृतका की मां दवा लेने बाजार गई थी, जबकि पिता बीमारी के कारण घर के बाहर टिन शेड में थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना का विवरण
मिली जानकारी के अनुसार, रंगीता (19) पुत्री राम सुभग अपने घर में अकेली थी। उसकी मां निर्मला देवी सकारपार चौराहे पर दवा लेने गई हुई थीं। मृतका के पिता, जो पक्षाघात (फालिज) से पीड़ित हैं, घर के बाहर बने टिन शेड में आराम कर रहे थे। जब मां दवा लेकर घर लौटी, तो अंदर का चैनल गेट बंद था। गेट खोलकर भीतर जाने पर उन्होंने देखा कि बेटी का शव छत की कुंडी से साड़ी के सहारे लटक रहा है।
परिजनों में मचा कोहराम
बेटी को फंदे से लटकता देख मां के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल हंसिया से साड़ी काटकर शव को नीचे उतारा, लेकिन तब तक युवती की मृत्यु हो चुकी थी। शोर सुनकर आस-पास के ग्रामीण भी मौके पर जमा हो गए। मृतका के दो भाई हैं जो बाहर रहकर काम करते हैं। इस आकस्मिक घटना से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है और परिवार के सदस्य भी कुछ बताने की स्थिति में नहीं हैं।