ईरान-इजरायल युद्ध का असर: सिद्धार्थनगर में गैस के लिए मची अफरा-तफरी, ₹60 बढ़े दाम , प्रशासन की डेझरेख में टोकन सिस्टम से गैस बाँटने की मांग

kapilvastupost 

सिद्धार्थनगर। मध्य पूर्व में ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ते युद्ध के तनाव का सीधा असर अब जनपद के रसोई घरों तक पहुँच गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता के चलते जिले में गैस सिलेंडर के दामों में 60 रुपये की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

दाम बढ़ने और भविष्य में किल्लत होने की आशंका के चलते पूरे जनपद के गैस स्टेशनों पर हाहाकार मचा हुआ है। उपभोक्ता सुबह से ही खाली सिलेंडर लेकर लंबी कतारों में खड़े हैं। हालत यह है कि गैस रिफिल कराने के लिए लोगों को 10 से 12 घंटे का इंतजार करना पड़ रहा है।

पुलिस सुरक्षा में वितरण की मांग

भीड़ और अव्यवस्था को देखते हुए कई केंद्रों पर नोकझोंक की स्थिति पैदा हो गई है। बढ़ती भीड़ और धक्का-मुक्की को देखते हुए स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से पुलिस की मौजूदगी में गैस वितरण कराने की मांग की है, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे और कालाबाजारी पर रोक लग सके।

जिलाधिकारी की अपील: “अफवाहों पर न दें ध्यान”

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर ने एक वीडियो संदेश जारी कर जनता को आश्वस्त किया है। उन्होंने कहा जनपद में तेल और गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। आपूर्ति बाधित नहीं होने दी जाएगी। कुछ लोग युद्ध की खबरों के बीच डर का माहौल बना रहे हैं, कृपया धैर्य रखें और किसी भी तरह की पैनिक बाइंग (जरूरत से ज्यादा खरीदारी) से बचें।”

प्रशासन ने सख्त चेतावनी दी है कि यदि कोई गैस एजेंसी संचालक निर्धारित मूल्य से अधिक दाम वसूलता है या स्टॉक की जमाखोरी करता है, तो उसके खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।