सिद्धार्थनगर: पुरानी रंजिश में खूनी संघर्ष, पिता-पुत्र समेत तीन को लगी चाकू; एक की हालत नाजुक

kapilvastupost 

लोटन, सिद्धार्थनगर।

जनपद के लोटन कोतवाली अंतर्गत बारोहिया खालसा गांव में शुक्रवार की शाम पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से ईंट-पत्थर और चाकू चलने लगे। इस खूनी संघर्ष में एक पक्ष के पिता-पुत्र और दूसरे पक्ष का एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद, एक घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।

कहासुनी से शुरू हुआ बवाल

जानकारी के अनुसार, बारोहिया खालसा गांव में दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। शुक्रवार शाम करीब छह बजे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। शुरुआत में तीखी नोकझोंक हुई, लेकिन जल्द ही मामला मारपीट में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले पथराव हुआ और फिर अचानक चाकूबाजी शुरू हो गई।

पिता-पुत्र समेत तीन लहूलुहान

इस संघर्ष में एक पक्ष से शमशाद (40) और उनका पुत्र तबरेज (22) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। शमशाद के पेट में चाकू का गहरा घाव होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल से तत्काल गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया है, जहाँ उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। वहीं, तबरेज के चेहरे पर चोट आई है। दूसरे पक्ष से इमरान (26) पुत्र हजरत भी घायल हुआ है, जिसके पीठ पर चाकू लगा है। अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

गांव में पुलिस बल तैनात

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। गांव में तनाव को देखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

उप निरीक्षक सुरेश राम ने बताया कि पुलिस ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया है। उन्होंने कहा, अभी तक किसी भी पक्ष से लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही मामले में सुसंगत धाराओं के तहत विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।