सिद्धार्थनगर: स्टेशन रोड पर चला प्रशासन का बुलडोजर, अवैध अतिक्रमण जमींदोज

Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए प्रशासन ने बुधवार को कड़ा रुख अपनाया। लंबे समय से जाम की समस्या का कारण बने स्टेशन रोड के अवैध अतिक्रमण को प्रशासन ने जेसीबी (बुलडोजर) की मदद से हटवा दिया। इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया, वहीं राहगीरों ने राहत की सांस ली है।
जाम से कराह रही थी शहर की लाइफलाइन
स्टेशन रोड शहर का सबसे व्यस्त मार्ग है, जहाँ से न केवल रेलवे स्टेशन बल्कि रोडवेज डिपो और नेपाल सीमा (सोहांस मार्ग) तक का यातायात संचालित होता है। दुकानदारों और मकान मालिकों द्वारा सड़क तक किए गए अवैध कब्जों के कारण यह मुख्य मार्ग काफी संकरा हो गया था। बसों और ट्रेनों के समय यहाँ स्थिति इतनी विकट हो जाती थी कि घंटों लंबा जाम लगना आम बात थी।

बिना विरोध के हटाए गए कब्जे
एसडीएम कल्याण सिंह मौर्य और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ यह अभियान चलाया गया। लगभग एक हजार मीटर की परिधि में फैले अवैध ढांचों को बुलडोजर से ढहा दिया गया। खास बात यह रही कि अतिक्रमणकारियों को अपनी गलती का अहसास था, इसलिए कहीं भी विरोध की स्थिति पैदा नहीं हुई।
पुनः अतिक्रमण पर होगी जेल
कार्रवाई के बाद प्रशासन ने सख्त चेतावनी जारी की है। एसडीएम कल्याण सिंह मौर्य ने स्पष्ट किया कि यदि किसी ने दोबारा सड़क पर कब्जा करने की कोशिश की, तो उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।