NH-730 पर अनियंत्रित होकर पलटी मुर्गियों से लदी पिकअप, मची अफरा-तफरी

गुरु जी की कलम से
सिद्धार्थनगर (बढ़नी): चिल्हिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत NH-730 पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। परसिया मोड़ स्थित समय माता मंदिर के पास मुर्गियों से लदी एक तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस घटना के बाद सड़क पर मुर्गियों का अंबार लग गया, जिससे मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सीखने-सिखाने के चक्कर में हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना का मुख्य कारण लापरवाही रही। बताया जा रहा है कि पिकअप चालक अपने खलासी को गाड़ी चलाना सिखा रहा था। तेज रफ्तार और अनुभव की कमी के कारण खलासी संतुलन खो बैठा और वाहन पलट गया। गनीमत रही कि इस हादसे में चालक और खलासी को मामूली चोटें आई हैं और कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।
पुलिस ने बहाल कराया यातायात
हादसे की जानकारी मिलते ही चिल्हिया थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को हटाकर और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को क्रेन की मदद से सड़क से किनारे करवाकर यातायात सुचारू कराया। जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन नौगढ़ क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस फिलहाल मामले की विस्तृत जांच कर रही है।