बढ़नी: स्कूल में चोरी के बाद अब ताला तोड़ने की कोशिश, प्रधानाध्यापक ने पुलिस से की शिकायत

गुरु जी की कलम से

सिद्धार्थनगर। जनपद के ढेबरुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत कंपोजिट विद्यालय दुधवनियां बुजुर्ग में अराजक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। विद्यालय परिसर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं और सुरक्षा में सेंधमारी को लेकर प्रभारी प्रधानाध्यापक ने पुलिस को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
ताला तोड़ने का प्रयास और संदिग्धों की पहचान
प्रभारी प्रधानाध्यापक उमेश कुमार गुप्ता के अनुसार, बुधवार (22 अप्रैल 2026) को विद्यालय प्रांगण के अंदर लगे ताले को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा तोड़ने का प्रयास किया गया। उन्होंने बताया कि शाम के समय गांव के ही दो युवक, विशाल पुत्र श्याम और निरहू पुत्र राम अचल, विद्यालय परिसर के गेट पर संदिग्ध अवस्था में देखे गए थे। प्रधानाध्यापक ने आशंका जताई है कि ताला तोड़ने की कोशिश के पीछे इन्हीं युवकों का हाथ हो सकता है।
लगातार हो रही हैं चोरी की घटनाएं
विद्यालय में सुरक्षा का मुद्दा गंभीर होता जा रहा है। इससे पूर्व 12 अप्रैल 2026 को भी विद्यालय परिसर से नल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। यही नहीं, करीब एक सप्ताह पहले पंचायत मित्र अशरफ द्वारा लगवाया गया पानी का मोटर भी चोरी हो गया था, जिसे बाद में संदिग्ध युवक निरहू के घर से बरामद किए जाने की सूचना है।
कार्रवाई न होने से शिक्षकों में रोष
प्रधानाध्यापक ने आरोप लगाया कि पूर्व में दी गई शिकायतों पर पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिसके कारण बदमाशों का मनोबल बढ़ रहा है। उन्होंने थानाध्यक्ष ढेबरुआ से मांग की है कि मामले को संज्ञान में लेते हुए उचित कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में विद्यालय की संपत्ति सुरक्षित रहे और शैक्षणिक वातावरण बना रहे।