📅 Published on: June 6, 2026
**खेत की जुताई के दौरान दूसरे पक्ष ने बोला धावा; चाकूबाजी में वृद्ध पिता बेहोश, भाई और भतीजे भी लहूलुहान**
निजाम अंसारी
डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर)।
क्षेत्र के परसा इमाद गांव में शुक्रवार सुबह भूमि विवाद को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। विवाद इस कदर बढ़ा कि एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष पर चाकू और अन्य धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में एक ही परिवार के आधा दर्जन लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
**खेत में काम करने के दौरान हुआ हमला**
थाने में दी गई तहरीर के अनुसार, परसा इमाद निवासी मोहम्मद सुलेमान (पुत्र फतहुल्लाह) शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे अपने पिता, भाई और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ गांव के सिवान स्थित खेत में जुताई करवा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही अलीमुल्लाह (पुत्र मो. वकील), अब्दुल हमीद, रकीब, लतीफ, अब्दुल मोईद और अब्दुल मुफीद (पुत्रगण अलीमुल्लाह) वहां हथियारों से लैस होकर पहुंच गए।
**लाठी-डंडों और चाकू से किया वार**
बिना किसी उकसावे के आरोपियों ने फतहुल्लाह और उनके बेटों पर धारदार हथियारों व चाकू से हमला बोल दिया। हमले में सुलेमान के वृद्ध पिता के सिर पर गंभीर चोट आई और वे जमीन पर गिरकर बेहोश हो गए। जब परिवार के अन्य सदस्य उन्हें बचाने दौड़े, तो हमलावरों ने सुलेमान के भाई और चाचा के लड़कों (साजिद, खालिद और हजरत अली) पर भी चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए और उन्हें लहूलुहान कर मौके से फरार हो गए।
**अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी**
चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल **सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बेंवा** ले जाया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।