मौसम का कहर: सिद्धार्थनगर में आंधी-पानी से भारी तबाही, पेड़ के नीचे दबकर महिला की मौत, बिजली सप्लाई ठप

*जोगिया क्षेत्र के फूलपुर गांव में पेड़ गिरने से 40 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत।**
* **शहर और बांसी कस्बा में बिजली के पोल उखड़े, कई इलाकों में बत्ती गुल।**

* **उस्का बाजार में मूसलाधार बारिश से सड़कों और घरों में घुसा पानी, जलभराव से लोग बेहाल।**

निजाम अंसारी
**सिद्धार्थनगर/जोगिया।**
जिले में शनिवार को मौसम ने अचानक ऐसा यू-टर्न लिया कि लोग संभल भी नहीं पाए। सुबह से ही चटक धूप और भीषण गर्मी से बेहाल लोगों के मोबाइल पर जैसे ही दोपहर बाद आंधी, तूफान और बारिश के अलर्ट का अलार्म बजा, हड़कंप मच गया। देखते ही देखते धूलभरी तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। इस प्राकृतिक आपदा में जोगिया कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां पेड़ के नीचे दबने से एक महिला की जान चली गई। इसके अलावा जिले में कई जगहों पर पेड़ और बिजली के पोल गिरने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
**खेत गई महिला की पेड़ के नीचे दबने से मौत**
जोगिया कोतवाली क्षेत्र के फूलपुर गांव (टोला कुड़िया) की रहने वाली सीमा (40 वर्ष), पत्नी तौलन, शनिवार शाम को सिवान में अपने खेत की देखरेख करने गई थीं। इसी दौरान अचानक तेज आंधी आ गई। खुद को बचाने के लिए वह पास के ही एक पेड़ के नीचे रुक गईं। लेकिन आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि भारी-भरकम पेड़ जड़ से उखड़कर उनके ऊपर गिर गया। पेड़ के नीचे दबने से सीमा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया।
**शहर से लेकर बांसी तक गिरे बिजली के पोल, अंधेरे में डूबे इलाके**
आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि लोग घरों के अंदर दुबकने को मजबूर हो गए। सड़कों पर सन्नाटा पसर गया।
* **शास्त्री नगर वार्ड (शहर):** यहाँ एक बिजली का पोल जमीन से उखड़कर गिर गया। गनीमत रही कि आसपास मौजूद दर्जन भर से अधिक लोग बाल-बाल बच गए। पोल गिरने से इलाके की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।
* **बांसी कस्बा:** प्रतापनगर वार्ड में न्यू पब्लिक इंटर कॉलेज के पास भी एक बिजली का पोल गिर गया, जिससे तार टूट गए। स्थानीय नागरिक अमित कुमार श्रीवास्तव, राजेंद्र प्रसाद और गौरव कुमार ने बताया कि भीषण गर्मी में पोल जल्द ठीक नहीं हुआ तो घरों में रहना मुश्किल हो जाएगा। बिजली विभाग की टीमें सप्लाई बहाल करने के प्रयास में जुटी हैं।
**उस्का बाजार में जलभराव, घरों में घुसा पानी**
तेज बारिश ने उस्का बाजार क्षेत्र की ड्रेनेज व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। कस्बा और ग्रामीण क्षेत्रों में भारी जलभराव हो गया। आद्या प्रसाद नगर में स्टेट बैंक के सामने मुख्य सड़क पूरी तरह तालाब में तब्दील हो गई। पानी लोगों के घरों के भीतर तक घुस गया, जिससे स्थानीय नागरिकों को भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। जनता ने प्रशासन से जलनिकासी की व्यवस्था को जल्द से जल्द सुदृढ़ करने की मांग की है।