📅 Published on: June 7, 2026
गुरु जी की कलम से
शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर)।
ढेबरुआ थाना क्षेत्र के पिपरा गांव के पास शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए घोरही नदी में स्नान करने गए दो बालक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक एक मासूम की जान जा चुकी थी। वहीं दूसरे किशोर की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है। इस घटना से पूरे गांव और पीड़ित परिवार में चीख-पुकार मची हुई है।
गर्मी से राहत पाने गए थे नदी, गहरे पानी में समाए
पिपरा गांव निवासी रमेश का 7 वर्षीय पुत्र **अनुराग** और उसका रिश्तेदार (फुआ का लड़का) मानपुर निवासी अर्जुन का 14 वर्षीय पुत्र **अरुण यादव** शनिवार दोपहर बाद नहाने के लिए गांव के पास ही बहने वाली घोरही नदी में गए थे। नहाते समय दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में चले गए।
दोनों को डूबता देख नदी के पास मौजूद ग्रामीणों ने अपनी जान पर खेलकर पानी में छलांग लगा दी। काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकालकर तत्काल बढ़नी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
अस्पताल में एक मृत घोषित, दूसरा मेडिकल कॉलेज रेफर
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात डॉ. प्रदीप वर्मा ने जांच के बाद 7 वर्षीय अनुराग को मृत घोषित कर दिया। वहीं, 14 वर्षीय अरुण यादव की हालत बेहद नाजुक होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद एम्बुलेंस से तत्काल मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
ननिहाल आया था अरुण: ढेबरुआ थाने के ही मानपुर गांव का रहने वाला अरुण पिपरा गांव में अपने ननिहाल आया हुआ था। वह अपने ममेरे भाई अनुराग के साथ नदी में गया था। अरुण की हालत गंभीर देखकर उसके माता-पिता और परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं।
परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार, पुलिस ने सौंपा शव
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अमला हरकत में आ गया। तहसीलदार प्रकाश सिंह यादव, हल्का लेखपाल अनिरुद्ध कुमार चौधरी और ढेबरुआ थाना पुलिस की टीम मौके पर पिपरा गांव पहुंची।
शोक में डूबे परिवार जनों ने मृत बालक अनुराग के शव का पोस्टमार्टम कराने से साफ मना कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए पंचनामा कर शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। इस हादसे के बाद से दोनों परिवारों और रिश्तेदारों में मातम पसरा हुआ है।