डीजे पर डांस को लेकर बारातियों ने घराती को मारी चाकू, मची अफरा-तफरी; पुलिस के साए में विदा हुई दुल्हन

गुरु जी की कलम से

ख़ेसरहा /घोसियारी/सिद्धार्थनगर
शादी-विवाह के जश्न का माहौल उस समय खौफ और अफरा-तफरी में बदल गया, जब डीजे की धुन पर थिरकने को लेकर घराती और बाराती आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ा कि बारात में आए एक सिरफिरे ने घराती पक्ष के एक 20 वर्षीय युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद दूल्हे और उसके पिता को छोड़कर सभी बाराती मौके से दुम दबाकर भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भारी सुरक्षा के बीच शादी की रस्में पूरी कराईं।
अगुवानी के दौरान रात 1 बजे भड़की हिंसा
मामला खेसरहा थाना क्षेत्र के रिउना गांव का है। शनिवार की रात यहां भेड़ौहा गांव से सुदर्शन के बेटे अंगद की बारात आई थी। रिउना गांव के निवासी बिरजू की बेटी से अंगद की शादी होनी थी। शुरुआत में बारात का स्वागत और खान-पान बेहद शांतिपूर्ण ढंग से हुआ।
विवाद रात करीब एक बजे अगुवानी के समय शुरू हुआ। डीजे पर बज रहे गानों पर डांस करने को लेकर घराती और बाराती पक्ष के युवाओं के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते बात मारपीट तक पहुंच गई। इसी बीच बारात में शामिल किसी शख्स ने धारदार चाकू निकालकर घराती पक्ष के नरसिंह (20 वर्ष, पुत्र इंद्रजीत उर्फ पप्पू) पर हमला कर दिया। चाकू लगने से नरसिंह की पीठ पर गहरा जख्म हो गया और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
बाराती फरार, सहमे घरातियों के बीच मुस्तैद रही पुलिस
चाकूबाजी की घटना से शादी के मंडप में चीख-पुकार मच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कुर्थिया चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह यादव तुरंत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि, पुलिस के आने से पहले ही चाकू मारने वाले आरोपी समेत ज्यादातर बाराती वहां से भाग चुके थे। मौके पर सिर्फ दूल्हा अंगद, उसके पिता और एक-दो अन्य लोग ही बचे थे।
पुलिस के साए में हुई शादी, सुबह हुई विदाई
घटना के बाद घराती पक्ष पूरी तरह सहमा हुआ था। माहौल को नियंत्रण में रखने के लिए गांव में रात भर पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस की मौजूदगी में ही डरे-सहमे माहौल के बीच शादी की बाकी रस्में पूरी कराई गईं। रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे दुल्हन को विदा किया गया।
पुलिस का बयान
घायल युवक नरसिंह को तुरंत इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका उपचार चल रहा है।
इस संबंध में खेसरहा थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्र ने बताया कि:
“घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई थी और स्थिति को संभाल लिया गया था। घायल का इलाज चल रहा है। अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

सांकेतिक फोटो