📅 Published on: June 19, 2026
शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के मुख्य नहर की घटना; सीसीटीवी खराब होने से लोगों में नाराजगी
Kapilvastupost
*शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर)।*
शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे के पास स्थित बानगंगा नदी बैराज की मुख्य नहर में गुरुवार को एक अज्ञात युवक का शव पानी में तैरता हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की उम्र करीब 20 वर्ष बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
**नहर का पानी खुलते ही बहकर आया शव**
गुरुवार दोपहर बाद बानगंगा बैराज के पास ‘गौतम वाटिका’ के आस-पास टहल रहे स्थानीय लोगों ने मुख्य नहर के पानी में एक शव को उतराते हुए देखा। शोर मचने पर भारी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
बताया जा रहा है कि सिंचाई विभाग द्वारा बैराज के फाटक बंद रखे गए थे। जैसे ही खेतों की सिंचाई के लिए नहर का पानी खोला गया, शव बहकर नदी से मुख्य नहर की तरफ आ गया।
**बुधवार को डूबने की आशंका, सीसीटीवी कैमरे पड़े हैं खराब**
स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक को बुधवार दोपहर बाद बैराज के पास देखा गया था। आशंका जताई जा रही है कि वह बुधवार को ही पानी में डूब गया था।
घटना के बाद एक बार फिर प्रशासन की लापरवाही सामने आई है। ग्रामीणों और चश्मदीदों का कहना है कि बानगंगा बैराज पर सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे तो लगाए गए हैं, लेकिन वे अक्सर खराब ही रहते हैं। अगर कैमरे चालू होते, तो युवक के नहर में गिरने या डूबने की सही वजह और समय का तुरंत पता चल सकता था।
**काले रंग की टी-शर्ट में था युवक, जांच जारी**
मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने शव को पानी से बाहर निकलवा कर पंचनामा भरा और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। काफी प्रयास के बाद भी मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
**थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह का बयान: “बैराज के पास नहर में एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ है। मृतक काले रंग की टी-शर्ट पहने हुए है। शरीर की स्थिति को देखकर प्रतीत होता है कि काफी समय पहले डूबने के कारण उसकी मृत्यु हुई है। शव की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं, जल्द ही मामले की सच्चाई सामने आ जाएगी।”