सिद्धार्थनगर: 10 हजार रुपये रिश्वत लेते ब्लॉक मिशन प्रबंधक रंगे हाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई

गुरु जी की कलम से
*सिद्धार्थनगर।* जनपद के उस्का बाजार ब्लॉक में तैनात राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के ब्लॉक मिशन प्रबंधक (BMP) पंकज कुमार को बस्ती की एंटी करप्शन टीम ने बुधवार को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई ब्लॉक कार्यालय परिसर में ही की गई, जिससे पूरे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है।
**सामान के भुगतान के बदले मांगी थी घूस**
मिली जानकारी के अनुसार, गोरखपुर जिले के खजनी थाना क्षेत्र के सरया तिवारी गांव निवासी पंकज कुमार उस्का बाजार ब्लॉक में ब्लॉक मिशन प्रबंधक के पद पर कार्यरत है। बांसी थाना क्षेत्र के बलुआ गांव निवासी सप्लायर राजेश कुमार पुत्र रामधनी ने ब्लॉक में कुछ सामानों की आपूर्ति की थी। इस आपूर्ति के बकाया भुगतान की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में प्रबंधक पंकज कुमार 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था।
**एंटी करप्शन टीम ने बिछाया जाल**
सप्लायर राजेश कुमार ने रिश्वत मांगे जाने की शिकायत बस्ती की एंटी करप्शन टीम से की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया। बुधवार को टीम पूरी गोपनीयता के साथ उस्का बाजार ब्लॉक कार्यालय पहुंची। जैसे ही सप्लायर राजेश कुमार ने ब्लॉक मिशन प्रबंधक पंकज कुमार को केमिकल लगे 10 हजार रुपये थमाए, वैसे ही पहले से तैयार एंटी करप्शन की टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथों दबोच लिया।
**थाने में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई जारी**
गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन की टीम आरोपी प्रबंधक को लेकर सिद्धार्थनगर थाना (मुख्यालय) आई। सिद्धार्थनगर थाना के क्राइम इंस्पेक्टर रामा यादव ने बताया कि एंटीकरप्शन टीम आरोपी को लेकर थाने आई है और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी व कागजी कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में जब उस्का बाजार के बीडीओ ओमप्रकाश गुप्त से बात की गई तो उन्होंने बताया कि वह क्षेत्र से बाहर थे। ब्लॉक परिसर में क्या हुआ है, इसकी पूरी जानकारी ली जा रही है। इस अचानक हुई कार्रवाई से उस्का ब्लॉक के कर्मचारियों और अधिकारियों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।