शोहरतगढ़: पानी के मोटर में उतरे करंट की चपेट में आने से महिला की दर्दनाक मौत, परिवार में पसरा मातम

Kapilvastupost
**शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर)।**
ढेबरुआ थानाक्षेत्र के ग्राम पंचायत औदही कलां में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ नहाने जाते समय नल में लगे पानी के मोटर पम्प में उतरे करंट की चपेट में आने से एक 49 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव और पीड़ित परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
**नहाने जाते समय हुआ हादसा**
मिली जानकारी के अनुसार, ढेबरुआ थानाक्षेत्र के औदही कलां गांव की निवासी गुड़िया देवी (49) पत्नी स्वर्गीय छेदी, शुक्रवार सुबह करीब छह बजे नहाने के लिए जा रही थीं। जैसे ही उन्होंने नल के पास कदम बढ़ाया, वहाँ लगे पानी के मोटर में अचानक उतरे तेज करंट की चपेट में आ गईं। करंट का झटका इतना जोरदार था कि गुड़िया देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
**निजी डॉक्टर ने घोषित किया मृत**
हादसे के तुरंत बाद चीख-पुकार सुनकर दौड़े परिजन आनन-फानन में उन्हें स्थानीय निजी डॉक्टर के पास ले गए। हालांकि, डॉक्टर ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार किया और परिजनों की मांग व आपसी सहमति के बाद शव को उन्हें सौंप दिया। इसके बाद परिजनों ने बानगंगा नदी के किनारे मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया।
**परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़**  मृतका गुड़िया देवी के पति छेदी की मौत लगभग आठ वर्ष पहले ही हो चुकी थी। पति के निधन के बाद वह बेहद तंगहाली में अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही थीं।
मृतका के पीछे उनके दो बेटे, पशुपति और गोलू हैं, जिनमें से पशुपति शादीशुदा है। आर्थिक रूप से कमजोर इस गरीब परिवार के कमाऊ सदस्य की इस तरह अचानक मौत हो जाने से बेटों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में इस घटना को लेकर गहरा दुख व्यक्त किया जा रहा है।