इटवा में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के दो आरोपित गिरफ्तार, पुलिस ने पिरैला मोड़ से दबोचा

Kapilvastupost

इटवा (सिद्धार्थनगर): क्षेत्र के एक गांव में 15 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने वाले दो नामजद आरोपितों को इटवा थाना पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने दोनों को पिरैला मोड़ के पास से घेराबंदी कर पकड़ा।

बहला-फुसलाकर ले गए थे घर

मामला शुक्रवार (7 अगस्त) का है। पीड़िता की मां की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, गांव के ही दो युवक उनकी 15 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर एक खाली घर में ले गए। वहां दोनों ने किशोरी के साथ जबरन सामूहिक दुष्कर्म किया।

बेटी के काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, तो वह एक घर के पास बदहवास हालत में मिली। रोते हुए किशोरी ने परिजनों को अपने साथ हुई दरिंदगी की पूरी बात बताई।

पोक्सो एक्ट और बीएनएस की गंभीर धाराओं में केस दर्ज

पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर पुलिस ने शनिवार को आरोपित आशीष पाण्डेय और अजहरुद्दीन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 70(2), 351(3) तथा 5/6 पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था।

पुलिस टीम की कार्रवाई

थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने के बाद से ही पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी थी। रविवार को पिरैला मोड़ के पास आरोपितों के मौजूद होने की सटीक सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक बृजभान यादव, हेड कांस्टेबल रवीन्द्र कुमार गौतम और कांस्टेबल संजीव कुमार शामिल रहे।