बिजली तार में आ रहे फाल्ट को ठीक करने के लिए पेड़ की डाल काटने पर बिजली कर्मियों से विवाद
📅 Published on: August 10, 2026
गुरु जी की कलम से
बढ़नी ,शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र स्थित बोहली विद्युत उपकेंद्र पर तैनात संविदा लाइनमैन गोकरन अपने साथी कर्मियों (राजेश, लवकुश, नियाज, बनवारी आदि) के साथ शुक्रवार को खरिकौरा गांव में बार-बार आ रहे बिजली फाल्ट की समस्या दूर करने गए थे।
लाइन में बाधा उत्पन्न कर रही पेड़ की डालियों की छंटाई करने के बाद जब कर्मी शाम को पावर हाउस लौटे, तो वहां एक व्यक्ति ने आकर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया। इसके बाद आरोपी ने लाइनमैन गोकरन के साथ मारपीट की, पावर हाउस में तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकी दी।
सूचना पर 112 नंबर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया।
कार्रवाई न होने से बढ़ा आक्रोश
घटना के तुरंत बाद जूनियर इंजीनियर (JE) और पीड़ित कर्मचारियों ने शोहरतगढ़ थाने पहुंचकर नामजद तहरीर दी। लेकिन दो दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई।
इससे नाराज बिजली कर्मचारियों ने रविवार को पावर हाउस पर ही अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।
कर्मचारियों का रुख:
“हम विभागीय अधिकारियों के निर्देश पर ही फाल्ट ठीक करने गए थे। जब सुरक्षा ही नहीं मिलेगी तो काम कैसे करेंगे? जब तक आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं होती, हम क्षेत्र में कहीं भी बिजली आपूर्ति से संबंधित फाल्ट ठीक नहीं करेंगे।”
पुलिस प्रशासन का पक्ष
मामले की गंभीरता को देखते हुए शोहरतगढ़ थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह ने बताया:
“मामले की तहरीर मिल चुकी है। पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है, जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”


