इटवा में तेज रफ्तार बाइक ने सड़क किनारे खड़े युवक को रौंदा, मौके पर ही मौत; तीन छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
📅 Published on: August 10, 2026
मधवापुर गांव के पास शनिवार रात हुआ हादसा, पीछे बैठा बाइक सवार गंभीर घायल; आरोपी चालक बाइक लेकर फरार
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर / इटवा: इटवा थाना क्षेत्र के इटवा-बढ़नी मार्ग स्थित मधवापुर गांव के पास शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक ने सड़क किनारे खड़े एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौका पाकर चालक अपनी बाइक लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मजदूरी कर परिवार चलाता था मृतक
मधवापुर गांव निवासी राम निवास उर्फ निवास (38) पुत्र अशर्फी शनिवार रात करीब 9:30 बजे अपने घर के पास सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान इटवा की तरफ से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। राम निवास सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए और कुछ ही देर में उन्होंने दम तोड़ दिया।
मृतक राम निवास मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालते थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे तीन छोटे-छोटे मासूम बच्चों—शनि (5), शिवा (4), मानसी (2) और दिव्यांग पत्नी को छोड़ गए हैं। घर के इकलौते कमाऊ सदस्य की मौत से परिवार पर आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
बाइक पर सवार एक युवक घायल, सिद्धार्थनगर रेफर
हादसे में बाइक के पीछे बैठा कठेला निवासी इरफान (30) भी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने उसे तत्काल सीएचसी इटवा पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए सिद्धार्थनगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि चालक को भी मामूली चोटें आई थीं, लेकिन वह मौके का फायदा उठाकर बाइक समेत फरार हो गया। ग्रामीणों के अनुसार चालक कठेला क्षेत्र का रहने वाला है।
प्रभारी निरीक्षक इटवा, संजय कुमार मिश्र: “शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार बाइक चालक की पहचान और तलाश की जा रही है। मामले में कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।”


