📅 Published on: August 12, 2026
गुरु जी की कलम से
सिद्धार्थनगर। नगर पंचायत बढ़नी में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा पदयात्रा का आयोजन किया गया। शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा के नेतृत्व में पीडब्ल्यूडी डाक बंगला बढ़नी से शुरू हुई यह यात्रा भारत-नेपाल सीमा तक पहुंची। इस पदयात्रा में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों और स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विभिन्न विभागों और प्रशासनिक टीम की रही सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्यक्रम के पीछे शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग और विकास खंड विभाग के कर्मचारियों सहित अन्य विभागों के अधिकारियों व कर्मियों का भी बड़ा हाथ रहा। यात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने में सभी विभागों ने एकजुट होकर अपनी सेवाएं दीं।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में गूंजे नारे
पदयात्रा में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन, शोहरतगढ़ एसडीएम राजेश कुमार, शोहरतगढ़ बीडीओ संजय कुमार, बढ़नी बीडीओ अनिशि मणि पाण्डेय, बीईओ अरुण कुमार, सीडीपीओ , ढेबरुआ थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद सहित भारी संख्या में प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।
नगर के बरसाती यादव इंटर कॉलेज और आर्यकन्या उमा विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर पदयात्रा में हिस्सा लिया। बच्चों द्वारा लगाए गए देशभक्ति के नारों से पूरा शहर राष्ट्रभक्ति के माहौल में सराबोर हो गया।
जन-जन से ‘हर घर तिरंगा’ फहराने की अपील
पदयात्रा के दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने आम नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने और इस राष्ट्रीय पर्व को उत्साह के साथ मनाने की अपील की। यात्रा के पूरे मार्ग पर समाजसेवियों और स्थानीय निवासियों ने पुष्पवर्षा कर यात्रियों का स्वागत किया।