प्राइम टाइम स्पेशल,किशोरी से दुष्कर्म के मामले में मां के प्रेमी पर FIR दर्ज, मां की भूमिका सवालों के घेरे में

Kapilvastupost

मिश्रौलिया (सिद्धार्थनगर): मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग बेटी के साथ मां की मौजूदगी में दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अदालत के सख्त रुख के बाद बुधवार रात पुलिस ने गांव के ही दो आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

पीड़ित पिता द्वारा न्यायालय में दाखिल प्रार्थना पत्र के अनुसार, घटना 26 जून की शाम करीब 7 बजे की है। उनकी 13 वर्षीय नाबालिग बेटी जब दुकान से सामान लेकर घर लौटी, तो उसने घर के एक कमरे में अपनी मां को गांव के ही फोटो और तसौवर उर्फ पहलू के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा।

बच्ची ने जब पिता के आने पर सब कुछ बताने की बात कही, तो आरोपी और मां ने उसे गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

मां की शह पर घिनौनी वारदात

आरोप है कि पोल खुलने के डर से मां ने ही आरोपी तसौवर को बेटी का मुंह बंद कराने के लिए उसके साथ जबरदस्ती करने को कहा। इसके बाद आरोपी तसौवर ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।

शाम को जब पिता घर पहुंचे, तो पीड़िता ने रो-रोकर अपने साथ हुई दरिंदगी की आपबीती सुनाई। विरोध करने के कारण बच्ची को शारीरिक चोटें भी आई थीं।

पुलिस की लापरवाही, कोर्ट के आदेश पर जागा प्रशासन

पीड़ित पिता का कहना है कि घटना के तुरंत बाद वह बेटी को लेकर थाने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। इसके बाद पुलिस अधीक्षक (SP) को शिकायती पत्र भेजा गया, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।

अंततः न्याय पाने के लिए पिता ने न्यायालय की शरण ली। अदालत के हस्तक्षेप के बाद बुधवार रात मिश्रौलिया पुलिस ने मामले में दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।