📅 Published on: August 22, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थ नगर – जनपद के सहकारिता विभाग में अनियमितताओं के मामलों में प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। उर्वरक वितरण में गड़बड़ी पाए जाने पर बी-पैक्स बर्डपुर के एक कर्मचारी को निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि दो अन्य बी-पैक्स में वित्तीय अनियमितता सामने आने पर पूर्व सचिव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है।
उर्वरक वितरण में गड़बड़ी, कर्मचारी निलंबित
एआर कोऑपरेटिव प्रकाश बहादुर गौतम ने बताया कि विकास खंड बर्डपुर स्थित बी-पैक्स बर्डपुर में उर्वरक वितरण के दौरान अनियमितता पाए जाने की जांच में कर्मचारी अमित कुमार शुक्ला की भूमिका संदिग्ध पाई गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए उनके निलंबन के निर्देश दिए गए हैं।
दो बी-पैक्स में वित्तीय अनियमितता, पूर्व सचिव पर एफआईआर के निर्देश
वहीं बी-पैक्स रेहरा बाजार एवं बी-पैक्स बरदहा में वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। इस प्रकरण में पूर्व सचिव दुर्गेश कुमार पांडेय के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
एआर कोऑपरेटिव ने कहा कि सहकारी समितियों के कार्यों में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।