📅 Published on: September 1, 2026
Kapilvastupost
इटवा (सिद्धार्थनगर)। इटवा थाना क्षेत्र के एक गांव से मानवता और विश्वास को तार-तार कर देने वाला मामला सामने आया है। गांव की ही एक 22 वर्षीय युवती ने पड़ोसी युवक पर शादी का झांसा देकर करीब एक साल तक शारीरिक शोषण करने और आठ माह की गर्भवती होने पर शादी से साफ इनकार करने का गंभीर आरोप लगाया है। इतना ही नहीं, जब पीड़िता के परिवार ने कोर्ट मैरेज का दबाव बनाया, तो आरोपी और उसके परिजनों ने उनके साथ जमकर मारपीट की।
सावन बीतने का दिया था झांसा
पीड़िता के अनुसार, आरोपी युवक पिछले एक साल से उसे शादी का लगातार आश्वासन देकर शारीरिक संबंध बना रहा था। जब युवती दो माह पहले गर्भवती हुई और उसने कोर्ट मैरेज की बात कही, तो आरोपी ने “सावन बीतने के बाद शादी करने” का बहाना बनाकर मामला टाल दिया।
कोर्ट मैरेज की बात छेड़ी तो की मारपीट
सोमवार को सावन का समय पूरा होने पर जब युवती ने दोबारा शादी का दबाव बनाया, तो विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि युवक और उसके परिजनों ने युवती तथा उसके परिवार वालों के साथ मारपीट की और शादी करने से साफ इनकार कर दिया। आरोपी ने धमकी भरे लहजे में कहा कि “वह शादी नहीं करेगा, जिसे जो करना है कर ले।”
थाने पहुंची पीड़िता, जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद पीड़िता अपने परिजनों के साथ इटवा थाने पहुंची और पुलिस को लिखित तहरीर देकर इंसाफ तथा कड़ी कार्रवाई की मांग की।
थानाध्यक्ष इटवा अनिल कुमार दुबे ने बताया कि पीड़िता की ओर से तहरीर प्राप्त हो चुकी है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।