📅 Published on: September 4, 2026
Kapilvastupost
इटवा (सिद्धार्थनगर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के कमदा लालपुर गांव निवासी दो सगे भाई बुधवार रात सड़क हादसे का शिकार हो गए। अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से 19 वर्षीय जुबेर अहमद की मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई 23 वर्षीय शौएब अहमद गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, कमदा लालपुर निवासी तनवीर अहमद के पुत्र शौएब अहमद (21 वर्ष) और जुबेर अहमद (19 वर्ष) बुधवार रात बाइक से डुमरियागंज से अपने घर इटवा-कमदा लालपुर लौट रहे थे। रात करीब 8:30 बजे दोनों भाई कमदा गांव से पहले सेमरा मोड़ के पास पहुंचे। इसी दौरान सामने से आ रही अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक दोनों घायलों को सड़क पर तड़पता छोड़कर मौके से फरार हो गया।
आसपास के लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटवा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया।
मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर चिकित्सकों ने जुबेर अहमद को मृत घोषित कर दिया, जबकि शौएब अहमद का उपचार जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गुरुवार दोपहर जुबेर अहमद के शव को कमदा लालपुर स्थित कब्रिस्तान में गमगीन माहौल में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिजन और ग्रामीण हादसे के जिम्मेदार अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की पहचान कर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।