सिद्धार्थनगर। मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के टेऊवा ग्रांट गांव के टोला मोहम्मद नगर में गुरुवार रात करीब आठ बजे खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में आग लगने के बाद जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि मकान की पक्की दीवारें ढह गईं और घर में रखा घरेलू एवं कीमती सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
बताया जा रहा है कि गोवर्धन पुत्र राम दुलारे के घर में भोजन बनाते समय अचानक गैस रेगुलेटर में आग लग गई। आग को बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन देखते ही देखते लपटें सिलेंडर तक पहुंच गईं। आग विकराल होती देख परिवार के लोगों ने शोर मचाया।
शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने पानी और गद्दे आदि की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सिलेंडर लगातार आग की चपेट में रहा। खतरा बढ़ता देख परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने तत्काल मकान खाली कर अपनी जान बचाई।
कुछ ही देर बाद गैस सिलेंडर में तेज धमाका हो गया। विस्फोट की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। धमाके के कारण मकान की दीवारों की ईंटें इधर-उधर बिखर गईं। वहीं, घर में रखा घरेलू सामान भी आग की चपेट में आकर जलकर नष्ट हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों की तत्परता और समय रहते परिवार के मकान से बाहर निकल जाने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद मोहम्मद नगर में काफी देर तक दहशत का माहौल रहा। ग्रामीणों ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग सहम गए और कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
फिलहाल गैस सिलेंडर में आग लगने और उसके बाद हुए विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों द्वारा घटना में हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।