दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन: 200 किलो खराब सामग्री नष्ट, 5 मिठाइयों की दुकानों के नमूने जब्त

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर: दीपावली के पावन पर्व पर मिलावटी और दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर लगाम कसने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में विशेष छापामार अभियान चलाया है। इस कड़ी कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न निर्माण इकाइयों से 8 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं, वहीं 200 किलोग्राम अमानक व खराब सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया है।

यह अभियान उत्तर प्रदेश शासन के आयुक्त और जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर के निर्देशों के तहत चलाया गया, जिसमें राज्य सचल दल ने प्रमुख मिठाई निर्माण इकाइयों का औचक निरीक्षण किया।

प्रमुख प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूने

अधिकारियों ने गुणवत्ता की जांच के लिए निम्नलिखित प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए: पंथ कुंज स्वीट्स (परसा शाह आलम, भीमापार, नौगढ़): पनीर और खोया के नमूने।

बंगाली स्वीट्स (पुरानी नौगढ़): खोया और बूंदी दाना के नमूने।

गोकुल स्वीट्स (बैदौला, डुमरियागंज): खोया और छेना मिठाई के नमूने।

केशव कुंज स्वीट्स (बांसी रोडवेज): खोया का नमूना।

सुनील कुमार मिठाई निर्माण इकाई (कोडरा ग्रांट): बेसन पापड़ी का नमूना।

200 किलो खराब सामग्री नष्ट, निर्माण इकाई सील

निरीक्षण के दौरान कोडरा ग्रांट स्थित सुनील कुमार की मिठाई निर्माण इकाई में भारी अनियमितताएं पाई गईं। यहां से 150 किलोग्राम दूषित एवं दुर्गंधयुक्त बेसन पापड़ी और 50 किलोग्राम खराब मूंगफली दाना बरामद किया गया, जिसे तत्काल नष्ट करा दिया गया। खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने पर इस निर्माण इकाई को अग्रिम आदेश तक बंद कर दिया गया है। साथ ही अन्य कारोबारियों को भी सख्त हिदायत देते हुए नोटिस जारी किए गए हैं।

जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी विधिक कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। त्योहारी सीजन में इस प्रकार की ताबड़तोड़ कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है।