चिल्हिया रेलवे फाटक पर टला बड़ा हादसा: बंद बैरियर के बीच फंसे बाइक सवार, गोमतीनगर एक्सप्रेस के गुजरने से पहले मची अफरा-तफरी

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर : जिले में रेलवे क्रॉसिंग पर लापरवाही का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। चिल्हिया रेलवे स्टेशन के पास महदेवा क्षेत्र में स्थित रेलवे फाटक पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गोरखपुर से लखनऊ की ओर जा रही गोमतीनगर एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 15081) के गुजरने के लिए फाटक बंद किया गया था। इसी दौरान कई बाइक सवार बंद बैरियर के बीच फंस गए।

बड़ा हादसा टला, वायरल वीडियो ने खोली सुरक्षा व्यवस्था की पोल

ट्रेन के आने से पहले रेलवे ट्रैक के आसपास बने इन खतरनाक हालात ने बड़े हादसे की आशंका पैदा कर दी थी। सामने आए वीडियो में रेलवे फाटक बंद होने के बावजूद बाइक सवार बैरियर के बीच फंसे दिखाई दे रहे हैं। यह नजारा किसी को भी हैरान कर सकता है। ट्रेन के गुजरने से पहले इस तरह की स्थिति बनना बेहद चिंताजनक है।

प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठ रहे गंभीर सवाल

कुछ मिनट की जल्दबाजी में लोग अपनी जान तक जोखिम में डालने से पीछे नहीं हट रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर रेलवे फाटक बंद होने के बावजूद बाइक सवार बैरियर के बीच कैसे पहुंच गए? क्या लोगों को रेलवे नियमों की जानकारी नहीं है या फिर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी में कमी है? क्या जिम्मेदार अधिकारी किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं?

गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। लेकिन यह वीडियो रेलवे क्रॉसिंग पर सुरक्षा और यातायात अनुशासन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। रेलवे प्रशासन को ऐसी घटनाओं का संज्ञान लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी की जिंदगी खतरे में न पड़े।