📅 Published on: November 15, 2026
निजाम अंसारी
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती बबीता वर्मा के साथ शिव बाबा मंदिर स्थित छठ घाट पर पहुंचकर अस्ताचलगामी (डूबते हुए) सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। इस पावन अवसर पर उन्होंने समस्त शोहरतगढ़ परिवार सहित प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान विधायक विनय वर्मा ने अपनी विधायक निधि से उपलब्ध कराई गई नाव पर सवार होकर सरोवर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने घाट पर मौजूद हजारों श्रद्धालुओं और व्रतियों का अभिवादन स्वीकार किया तथा सभी को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
मीडिया से बात करते हुए विधायक विनय वर्मा ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था, पवित्रता, श्रद्धा और समर्पण का महान प्रतीक है। उन्होंने कामना की कि छठी मैया और भगवान सूर्यदेव की कृपा से सभी के जीवन में उत्तम स्वास्थ्य, सुखमय जीवन, सकारात्मक ऊर्जा और उज्ज्वल भविष्य का संचार हो। घाट पर सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लेते हुए उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की भी सराहना की।