📅 Published on: November 23, 2026
Kapilvastupost
डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर)। थाना क्षेत्र के महुआर चौराहे के पास एक ढाबे के बाहर से बीते सात अगस्त को चोरी हुए ट्रक के मामले में पुलिस ने साढ़े तीन माह बाद मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
खेसरहा थाना क्षेत्र के चिउटहा गांव निवासी फैयाज अहमद पुत्र महमूद अहमद के अनुसार, उनके नाम से पंजीकृत एक ट्रक सात अगस्त को चालक लेकर बस्ती से पीलीभीत चीनी लोड करने के लिए बस्ती-डुमरियागंज मार्ग से जा रहा था। रास्ते में ट्रक के रेडिएटर में पानी कम होने के कारण इंजन गर्म होने लगा।
चालक ने डुमरियागंज थाना क्षेत्र के महुआरा चौराहे के पास सड़क किनारे ट्रक रोक दिया। इंजन ठंडा होने के बाद वह रेडिएटर के लिए पानी लेने और भोजन करने पास के एक ढाबे पर चला गया। बताया गया कि रात करीब एक बजे भोजन कर वापस लौटने पर ट्रक मौके से गायब मिला। काफी खोजबीन के बावजूद ट्रक का पता नहीं चल सका। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि उस समय सूचना देने के बावजूद पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया था। अब साढ़े तीन माह बाद पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।