मोबाइल से बातों में उलझाकर चोरों ने उड़ाया कैश, घटना सीसीटीवी में कैद

abhishek shukla

सिद्धार्थनगर । मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के मिठौवा चौराहे पर स्थित एक हार्डवेयर की दुकान में चोरी होने का मामला सामने आया है। मंगलवार को दिन में आए चोरों ने पहले दुकान स्वामी को मोबाइल से बातों में उलझाया।

दुकानदार गोदाम में सामान लेने चला गया तो गल्ले से कैश को निकाल कर रफूचक्कर हो गए। चोरों की सारी करतूत दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर और सीसीटीवी फुटेज देकर चोरों के सुराग लगाने की मांग की है।

मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के पटियापार गांव निवासी हरीलाल की मिठौवा चौराहे पर हार्डवेयर की दुकान है। मंगलवार शाम होने से पहले दुकान पर दो युवक आए। पहले उन्हें अपनी बातों में फंसाए रखा। इसके बाद कहीं फोन पर बात कराई। इस बीच एक युवक ने दुकान पर जगह-जगह अपनी नजर गड़ाए रखी थी।

दुकानदार हरीलाल बगल स्थित गोदाम से पाइप निकालने के लिए गए तो एक युवक उनकी कुर्सी पर बैठ गया। दूसरा बाहर रास्ता देख रहा था। पहले युवक ने गल्ले की दराज को खोला और वहां रखा रुपया लेकर अपनी जेब में रखा और फिर दोनों रफूचक्कर हो गए।

गोदाम से निकल कर जब हरीलाल दुकान पर आए तो देखा कि दोनों युवक गायब हैं। दराज को चेक किया तो उसमें रखा 10 हजार रुपया गायब मिला। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को जब चेक किया तो उसमें कैश निकालते युवक नजर आ गया।