📅 Published on: January 11, 2024
Kapilvastuppost
बढ़नी ब्लाक के औदही कलां में मनरेगा के तहत नाली निर्माण कार्य को जेसीबी से करवाने की शिकायत पर शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा के पत्र? के बाद डीएम के निर्देश पर गठित हुई जांच टीम ने शिकायत को सही माना है और कार्य को श्रमदान घोषित करने के लिए कहा है। जबकि विधायक ने कार्य में दोषियों के साथ-साथ संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई के लिए डीएम को कहा है।
गत तीन जनवरी को बढ़नी ब्लाक के औदही कलां में करीम के घर से जूनियर हाईस्कूल तक नाली का निर्माण मनरेगा से होना था लेकिन काम को जेसीबी से करवाया जा रहा था। जिसकी शिकायत औदही कलां के रहने वाले
अनुपम शुक्ल ने डीएम, बीडीओ व शोहरतगढ़ विधायक से किया। जिसके
बाद विधायक ने डीएम को पत्र लिखकर जांच के लिए कहा। डीएम के निर्देश पर सीडीओ जयेन्द्र कुमार ने उपायुक्त श्रम रोजगार व जिला ग्राम्य विकास
अभिकरण के एई को जांच के लिए नामित किया। दोनों अधिकारियों की जांच में मनरेगा काम जेसीबी से होने की शिकायत सही मिली। जिसके बाद उन्होंने सीडीओ को भेजे जांच रिपोर्ट में कार्य को श्रमदान घोषित करने के लिए निवेदन किया। शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा ने सीडीओ से मिले जांच रिपोर्ट पर हुई कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जब शिकायत सही है तो केवल श्रमदान करना न्यायोचित नहीं है। उन्होंने डीएम को भेजे पत्र में उन्होंने कार्य में दोषियों के साथ-साथ संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई के लिए डीएम को कहा है। इसके अलावा उन्होंने एक बार पुनः बढ़नी बीडीओ की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान खड़ा किया।