📅 Published on: October 16, 2026
कपिलवस्तुपोस्ट
बढ़नी / सिद्धार्थनगर। भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 50वीं वाहिनी की डी कंपनी महादेव बुजुर्ग के जवानों ने अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। बुधवार की सुबह गश्त के दौरान सेवेरा गांव के पास से जवानों ने 124 बोटा सागौन (सागवान) की लकड़ी के साथ एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया और मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।
गश्त के दौरान मिली सफलता
एसएसबी के अनुसार, सीमा चौकी सेमरहवा की विशेष गश्त टीम सीमा स्तंभ संख्या 567 से लगभग 3.5 किलोमीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में सेवेरा गांव के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम ने सागौन की लकड़ी से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली देखी। कुछ लकड़ी वाहन पर लदी थी, जबकि कुछ जमीन पर पड़ी थी। जांच करने पर कुल 124 बोटा सागौन की लकड़ी पाई गई।
आरोपी का खुलासा और आरा मशीन का कनेक्शन
हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान गोविंद (46 वर्ष), पुत्र राम नैन, निवासी मानपुर (पोस्ट बढ़नी, जिला सिद्धार्थनगर) के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह केवल मजदूरी करता है। उसने खुलासा किया कि यह सागौन की लकड़ी और ट्रैक्टर-ट्रॉली तबरेज (निवासी दूधबनिया गांव) की है। लकड़ी को सेवेरा गांव से बढ़नी स्थित एक आरा मशीन पर ले जाया जा रहा था, जिसके बदले उसे 1,000 रुपये मजदूरी मिलने वाली थी।
आगे की कार्रवाई के लिए वन विभाग को सौंपा
एसएसबी की टीम ने जब्ती की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पकड़े गए व्यक्ति गोविंद, जब्त सागौन की लकड़ी और ट्रैक्टर-ट्रॉली को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए वन विभाग इटवा के सुपुर्द कर दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई वन विभाग की ओर से की जा रही है। प्रतीकात्मक फोटो