प्रधान और सचिव की लापरवाही की भेंट चढ़ा जन चौपाल, पंचायत भवन पर लटका मिला ताला

“गांव की समस्या, गांव में समाधान” योजना की उड़ीं धज्जियां, भटकते रहे ग्रामीण

जिलाधिकारी और बीडीओ से जांच कर लापरवाहों पर कार्रवाई की मांग

कपिलवस्तुपोस्ट 

बढ़नी / सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “गांव की समस्या, गांव में समाधान” के तहत आयोजित होने वाले जन चौपाल कार्यक्रम की बढ़नी विकास खंड की ग्राम पंचायत पड़रिया में जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। प्रधान और पंचायत सचिव की घोर लापरवाही के चलते शुक्रवार को प्रस्तावित जन चौपाल कार्यक्रम का आयोजन ही नहीं हो सका।

शासन-प्रशासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद शुक्रवार को पंचायत भवन पड़रिया पर सन्नाटा पसरा रहा। पंचायत भवन के मुख्य दरवाजे पर ताला लटका मिला, जिसके कारण अपनी-अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे ग्रामीणों को काफी देर इंतजार करने के बाद मायूस होकर वापस लौटना पड़ा।

न पहुंचे प्रधान, न आए सचिव

स्थानीय ग्रामीणों ने रोष व्यक्त करते हुए बताया कि जन चौपाल को लेकर न तो ग्राम प्रधान मौके पर पहुंचे और न ही पंचायत सचिव। कोई भी जिम्मेदारी लेने वाला अधिकारी या कर्मचारी मौके पर मौजूद नहीं था, जिससे ग्रामीणों की जनसमस्याओं का निस्तारण तो दूर, उनकी बात सुनने वाला भी कोई नहीं मिला। ग्रामीणों का आरोप है कि जिम्मेदार प्रतिनिधि और कर्मचारी शासन-प्रशासन की जनहितकारी योजनाओं और मंशा पर पानी फेरने का काम कर रहे हैं।

कार्रवाई की मांग

पंचायत भवन पर ताला लटके होने और जन चौपाल ठप रहने से नाराज ग्रामीणों ने जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर और खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) बढ़नी से मामले का तत्काल संज्ञान लेने की अपील की है। ग्रामीणों ने मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जन चौपाल जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम में लापरवाही बरतने वाले ग्राम प्रधान व सचिव के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाए।