📅 Published on: October 16, 2026
नगर पंचायत बढ़नी के लिए ₹2.50 करोड़ और शोहरतगढ़ के लिए ₹1.25 करोड़ की प्रथम किश्त निर्गत
कार्यदायी संस्था नामित, जल्द शुरू होगा बस अड्डों का निर्माण कार्य
विधायक विनय वर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह का जताया आभार
निज़ाम अंसारी
शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर): शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलने जा रही है। क्षेत्रवासियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासन द्वारा नगर पंचायत बढ़नी और नगर पंचायत शोहरतगढ़ में बस अड्डों के निर्माण हेतु प्रथम किश्त की धनराशि जारी कर दी गई है।
3.75 करोड़ रुपये की पहली किश्त जारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शासन की ओर से विधानसभा क्षेत्र शोहरतगढ़ के अंतर्गत नगर पंचायत बढ़नी में बस अड्डे के निर्माण के लिए ₹2.50 करोड़ तथा नगर पंचायत शोहरतगढ़ में बस अड्डे के निर्माण के लिए ₹1.25 करोड़ की प्रथम किश्त (कुल ₹3.75 करोड़) निर्गत की गई है। इसके साथ ही निर्माण परियोजनाओं के लिए कार्यदायी संस्था भी नामित कर दी गई है, जिससे अब निर्माण कार्य तेजी से पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
विधायक विनय वर्मा ने जताया आभार
इस महत्वपूर्ण स्वीकृति और बजट आवंटन पर शोहरतगढ़ के विधायक विनय वर्मा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह का हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
विधायक विनय वर्मा ने कहा: “यह उपलब्धि शोहरतगढ़ परिवार की ताकत, विश्वास और सहयोग का परिणाम है। इसी स्नेह और समर्थन के बल पर विधानसभा क्षेत्र में विकास के बड़े और ऐतिहासिक कार्य निरंतर संभव हो रहे हैं। दोनों बस अड्डों के निर्माण से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था और अधिक सुगम होगी तथा क्षेत्रवासियों को सुविधाजनक परिवहन सेवाओं का लाभ मिलेगा।”
यातायात व्यवस्था होगी सुगम
स्थानीय नागरिकों और यात्रियों को लंबे समय से एक व्यवस्थित बस अड्डे की आवश्यकता थी। कार्यदायी संस्था के नामित होने और पहली किश्त जारी होने से अब निर्माण कार्य शीघ्र पूरा होगा, जिससे यात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी।